घुमा दिया वक्त का पहिया: ट्रंप-मेलानिया को 1980 का ताजमहल आएगा नजर

सोमवार को ताजमहल का दीदार करने आ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया ताजमहल का वही रंग और घूमने की आजादी महसूस कर पाएंगे, जैसी 40 साल पहले 1980 में थी।


ट्रंप-मेलानिया के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने वक्त का पहिया घुमा दिया है। सैलानियों की भीड़ के कारण भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने जो इंतजाम किए थे, ट्रंप के लिए वह सभी हटा दिए गए। 

ताजमहल के मुख्य गुंबद, चमेली फर्श, रॉयल गेट पर रेलिंग हटा दी गई है, ताकि अमेरिकी राष्ट्रपति को घूमने के दौरान परेशानी न हो। ताज के मुख्य गुंबद में शाहजहां-मुमताज की कब्रों को मडपैक से चमका दिया गया है, जिससे वह 40 साल पहले की तरह दमकने लगी हैं। चारों ओर लगी संगमरमरी जाली साफ की गई है तो अंदर दीवारों की ओर लगी रेलिंग भी हटवा दी गई है। अमेरिकी अधिकारियों ने ताज को मूल रूप में ही दिखाने के लिए एएसआई से कहा है।